उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के समुचित प्रबंध करें-प्रतिमा बागरी
राज्यमंत्री ने ली धान उपार्जन संबंधी बैठक
----
सतना 24 नवम्बर 2026/नगरीय विकास और आवास राज्यमंत्री श्रीमती Pratima Bagri ने मंगलवार को सर्किट हाउस में धान उपार्जन कार्य से संबंधित सभी जिला प्रमुख अधिकारियों की बैठक लेकर रैगांव विधानसभा क्षेत्र सहित जिले में धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में सभी मानदण्डों के अनुरूप किसानों की सुविधा के समुचित प्रबंध किये जाये। इस मौके पर एसडीएम रघुराजनगर ग्रामीण श्री एलआर जांगडे, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सम्यक जैन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री पंकज बोरसे, सीईओ केन्द्रीय सहकारी बैंक श्री यश ब्रम्हवंशी, लाजिस्टिक से श्री दिनेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने रैगांव विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किये जाने वाले उपार्जन केन्द्रों और पात्र समितियों की जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों का एक-एक दाना खरीदा जा सके, ऐसी व्यवस्था करें। अपनी उपज को लाने और विक्रय करने में किसान को कोई कठिनाई नहीं हो तथा उनका भुगतान भी शीघ्र प्राप्त हो जाये। खरीदी धान के सुरक्षित भण्डारण की कार्य योजना की जानकारी लेते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि धान की मिलिंग बढाये ताकि भण्डारण के लिए ज्यादा स्पेश मिल सके। इसके साथ ही अपात्र समितियों से शार्टेज की डिपोजिट जमाकर उन्हें पात्रता की श्रेणी में लाने का प्रयास भी करें। लंबित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा में राज्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि सभी राशन दुकानों में खाद्यान का उठाव और हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण समय पर किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों की मैपिंग करते समय ध्यान रखे कि अधिक पैदावार वाले क्षेत्रों में केन्द्र जरूर बने और उपार्जन केन्द्र तक किसानों को अधिक दूरी तय नहीं करनी पडे। राज्यमंत्री ने कहा कि अन्य विकासखण्ड की तरह सोहावल विकासखण्ड में भी विपणन समिति बनाये। बैठक में बताया गया कि रैगांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 22 समितियां है। जिनमें से 11 समितियां ही पात्र है। इस हिसाब से एक समिति को दो-दो खरीदी केन्द्र दिये जा सकते है। लाजिस्टिक एवं वेयर हाउसिंग के अधिकारियों ने बताया कि अभी 2 लाख 40 हजार एमटी की भण्डारण क्षमता उपलब्ध है। जबकि खरीदी के अनुमान के मुताबिक 1 लाख 60 हजार एमटी भण्डारण के लिए ओपेन कैंप बनाये जाने होंगे। जिला उपार्जन समिति की बैठक में मैपिंग और धान उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण कर शीघ्र खरीदी केन्द्र स्थापित किये जायेंगे।
Chief Minister, MP
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP