*मांडल की नवनिर्वाचित सरपंच ज्योति सुवालका ने शुभ मुहूर्त में ग्रहण किया पदभार*
पीथास :बृजमोहन सुवालका
मांडल ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती ज्योति सुवालका धर्मपत्नी विकास सुवालका ने सोमवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। पंचायत सचिव विनोद सोनी ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर उपसरपंच, सभी वार्ड पंचों सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच ज्योति सुवालका ने कहा कि मांडल की जनता ने जिस विश्वास, स्नेह और मान-सम्मान के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस विश्वास पर खरा उतरते हुए जनता के मान-सम्मान को दोगुना करके लौटाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास एवं आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने मांडल में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान, नालियों की समुचित व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई में शीघ्र सुधार करने का आश्वासन दिया। साथ ही महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं उनके सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बच्चों के बेहतर भविष्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए लाइब्रेरी और गार्डन की व्यवस्था शीघ्र करवाने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक गांव एवं वार्ड में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव 2026 में मांडल ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच ज्योति सुवालका ने जिले की 511 ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी ज्योति लड्ढा को 3,474 मतों के भारी अंतर से पराजित कर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी।