रेगर दिवस पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं खिलाड़ियों का सम्मान
शिक्षा, सामाजिक एकता और राजनीतिक मजबूती से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव – कन्हैया लाल रेगर
काछोला - असलम रंगरेज
काछोला। अखिल भारतीय रेगर महासभा काछोला के तत्वावधान में रेगर समाज के स्थापना दिवस पर रेगर दिवस एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह उत्साह के साथ आयोजित हुआ। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं प्रतिभावान समाजजनों का सम्मान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि एडवोकेट कन्हैया लाल रेगर रहे तथा अध्यक्षता राजेंद्र कुमार रेगर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा रामदेव जी महाराज, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महासभा संस्थापक आत्माराम लक्ष्य की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्य अतिथि कन्हैया लाल रेगर ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। सामाजिक एकता से राजनीतिक मजबूती मिलती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया।
सह-संयोजक चांदमल जाड़ोटिया ने बताया कि 2 नवंबर 1944 को दौसा में रेगर समाज का पहला राष्ट्रीय महासम्मेलन आयोजित हुआ था। इसी दिन को समाज स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम संयोजक प्रेमचंद रेगर एवं टीम ने अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंच, उपसरपंच, नगरपालिका पार्षद, वार्ड पंच, समाज के वरिष्ठजन एवं खो-खो खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समारोह का संचालन राजमल जाड़ोटिया ने किया। कार्यक्रम सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार एवं समाज के उत्थान के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।