जनसुझावों के आधार पर बनेगी समान नागरिक संहिता की नीति : CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित नीति का निर्माण आमजन से प्राप्त सुझावों के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावी और समावेशी नीति निर्माण के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। इस उद्देश्य से प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित किया जाए।
शनिवार को जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों से लेकर ग्राम स्तर तक लोगों को यूसीसी के संबंध में अपनी राय व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, बार काउंसिल सहित विभिन्न मंचों पर चर्चा सत्र आयोजित किए जाएं। उन्होंने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से भी सुझाव देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम स्तर पर रोजगार सहायकों, पंचायत सचिवों तथा अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा इस विषय पर संवाद को बढ़ावा दिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन भी किया जा सकता है। सभी जिला कलेक्टरों को इस अभियान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव 22 जून तक आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने **ucc.mp.gov.in** पोर्टल शुरू किया है, जहां नागरिक सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर नाम, लिंग, धर्म, संभाग, जिला, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद 12 प्रश्नों के उत्तर देकर मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से सुझाव जमा किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, महिला मंडलों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से यूसीसी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विवाह, तलाक, भरण-पोषण और उत्तराधिकार जैसे विषयों से जुड़े विभिन्न व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कानूनों की समीक्षा कर एक समग्र कानूनी ढांचा विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है।
इस संबंध में विधिक, सामाजिक और प्रशासनिक पहलुओं का अध्ययन कर अनुशंसाएं प्रस्तुत करने हेतु राज्य सरकार द्वारा एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति विभिन्न जिलों का दौरा कर नागरिकों को सुझाव देने के लिए प्रेरित कर रही है।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #UCC #administration Jansampark Madhya Pradesh
75 views | Morena, Madhya Pradesh | Jun 14, 2026