तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में पर्यटकों की हुड़दंगबाजी का वीडियो वायरल, स्थानीय लोगों में नाराजगी!!
देवभूमि उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम एवं चोपता क्षेत्र में कुछ पर्यटकों द्वारा की जा रही हुड़दंगबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ युवक वाहनों की छतों पर चढ़कर शोर-शराबा करते और अनुशासनहीनता का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तुंगनाथ धाम आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक महत्व का केंद्र है, लेकिन कुछ बाहरी पर्यटक इसे पिकनिक स्पॉट समझकर यहां की धार्मिक गरिमा, संस्कृति और परंपराओं की अनदेखी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटक सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार कर क्षेत्र की शांति एवं धार्मिक वातावरण को प्रभावित कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुछ युवक वाहनों की छतों पर चढ़कर जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं और हंगामा कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करने तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि तुंगनाथ धाम की धार्मिक महत्ता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और देवभूमि की मर्यादा अक्षुण्ण रह सके।