पूर्व डीजीपी विनय कुमार को बिहार पुलिस ने दी विदाई, मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में नई पारी के लिए दी शुभकामनाएं
बिहार पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक विनय कुमार की सेवानिवृत्ति के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में बिहार की पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। समारोह के दौरान विभाग के अधिकारियों ने विनय कुमार के लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस विदाई समारोह में महानिदेशक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों में जितेंद्र सिंह गंगवार, जितेंद्र कुमार, कुंदन कृष्णन, पंकज दराद सहित पूर्व महानिदेशक ए.के. अंबेडकर मुख्य रूप से शामिल हुए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर विनय कुमार के प्रति गहरा आदर व्यक्त किया।
समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने विनय कुमार के कार्यकाल में उनके कुशल नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा तथा संगठन के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। सभी ने उनके सुखद एवं मंगलमय भावी जीवन की कामना करते हुए बिहार के नए मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे विनय कुमार को आगामी कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
Bihar, India | Oct 1, 2026