शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पांगी के स्कूलों का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर जानी शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति
बालिका आश्रम किलाड़, ईएमआरएस, पीएम श्री और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का लिया जायजा; छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर 15 हजार रुपये देने की घोषणा
पांगी, 28 अक्टूबर
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
शिक्षा मंत्री ने मुख्यालय किलाड़ स्थित बालिका आश्रम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) किलाड़, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ का भी निरीक्षण किया।
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सरकार की प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि यहां के विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों की स्थिति और विद्यार्थियों की जरूरतों को समझना आवश्यक है, ताकि आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाना है।
छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को सराहा
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और प्रोत्साहन स्वरूप 15 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
सुराल गोम्पा में किए दर्शन, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
शैक्षणिक संस्थानों के निरीक्षण के अलावा शिक्षा मंत्री ने सुराल स्थित गोम्पा में दर्शन किए और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पांगी क्षेत्र की समृद्ध प्राचीन संस्कृति और परंपराओं को संजोकर रखने के लिए स्थानीय लोगों को बधाई दी।
इसके उपरांत उन्होंने ग्राम पंचायत फिंडरू के लोगों की समस्याएं भी सुनीं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान चंबा सदर के विधायक नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित भरमौरी, आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह, पांगी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Oct 28, 2026