आज राजकीय महाविद्यालय चम्बा के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में करवा चौथ की पूर्व संध्या पर *मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. पूनम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं के प्रति रुचि विकसित करना तथा छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, सौंदर्यबोध और सांस्कृतिक मूल्यों को भी बढ़ावा देती हैं।
*प्रतियोगिता में डॉ. मनेश वर्मा तथा प्रोफेसर अविनाश ने निर्णायक की भूमिका निभाई।* निर्णायकों के अंतिम निर्णय के अनुसार बी.ए. द्वितीय वर्ष की भारती ने प्रथम स्थान, बी.ए. तृतीय वर्ष की मानसी ने द्वितीय स्थान तथा एम.ए. तृतीय सेमेस्टर की मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बी.ए. द्वितीय वर्ष की शिवानी को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। मुख्यातिथि प्रोफेसर राकेश राठौर ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने, भारतीय परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोने तथा प्रत्येक गतिविधि में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला प्रकोष्ठ के प्रयासों की भी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की महिला प्राध्यापकों में डॉ. पूनम, डॉ. सुमित, डॉ. विदुषी शर्मा, प्रोफेसर निशा, डॉ. शिल्पा, प्रोफेसर आशा एवं डॉ. परनिता सहित डॉ. मनेश, प्रोफेसर अविनाश, डॉ. संतोष तथा अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Chamba, Chamba | Oct 28, 2026