पति ने पत्नी के लिए खुलवाई कॉस्मेटिक दुकान, अब कब्जे का आरोप
दोस्त से नजदीकी बढ़ने के बाद पत्नी के घर छोड़ने का दावा, तीन बच्चों को छोड़ने का भी आरोप; थाने में दी तहरीर
प्रयागराज/औद्योगिक क्षेत्र। औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के रेही कला गांव निवासी संतोष पटेल पुत्र स्व. अशर्फी लाल पटेल ने अपनी पत्नी और उसके परिचित मिश्री लाल भारतीया के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के लिए लाखों रुपये खर्च कर कॉस्मेटिक की दुकान खुलवाई थी, लेकिन अब वही दुकान उसके लिए विवाद का कारण बन गई है।
संतोष के अनुसार उसकी दुकान पर उसके दोस्त मिश्री लाल भारतीया का आना-जाना था। आरोप है कि इसी दौरान उसकी पत्नी और मिश्री लाल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। पति का दावा है कि इसके बाद पत्नी ने उससे दूरी बना ली और घर छोड़कर दुकान पर ही रहने लगी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पत्नी ने दुकान और उसमें रखे लाखों रुपये के सामान पर भी अपना कब्जा कर लिया है। उसका कहना है कि पत्नी अब घर नहीं लौट रही है और उसके साथ तीन नाबालिग बच्चे हैं, जिनकी देखभाल को लेकर भी वह परेशान है।
संतोष ने मामले को लेकर औद्योगिक क्षेत्र थाने में तहरीर देकर पत्नी और मिश्री लाल भारतीया के खिलाफ जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Bara, Allahabad | Sep 16, 2026