बीना के होटल-रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा टीम की सघन जांच
पनीर, आटा, चावल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, अनियमितता मिलने पर सुधार नोटिस जारी
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश के आदेश के पालन तथा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में जिले में नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने बीना स्थित प्रमुख होटल एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होटल कलश के किचन एवं स्टोरेज एरिया की जांच कर उपयोग किए जा रहे पनीर का विधिक नमूना लिया गया। होटल कार्तिक से चना मसाला, आटा एवं चावल के विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
होटल श्री राम के निरीक्षण के दौरान पनीर का नमूना लिया गया। यहां किचन के फर्श पर गंदा पानी जमा मिला तथा रेफ्रिजरेटर में पके एवं कच्चे खाद्य पदार्थ असुरक्षित तरीके से एक साथ रखे पाए गए। प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं था तथा जांच दल को आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। अनियमितताओं के चलते संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, नियमित पेस्ट कंट्रोल, पानी की लैब टेस्टिंग रिपोर्ट तथा खाद्य पदार्थों की एनएबीएल अधिकृत लैब से कराई गई जांच रिपोर्ट संधारित रखने के निर्देश भी दिए गए।
संग्रहित सभी खाद्य नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूने अधोमानक अथवा असुरक्षित पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में खाद्य सुरक्षा संबंधी सघन जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।
#jansamparkmp #sagar