दो सूत्रीय मांगों को लेकर PRD जवानों का विकास भवन में जोरदार प्रदर्शन, 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान!!
होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता और सालभर 365 दिन रोजगार देने की मांग पर आर-पार की लड़ाई के मूड में पीआरडी जवान!!
रुद्रप्रयाग। अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों का आक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है। सोमवार को जनपद के पीआरडी जवानों ने रुद्रप्रयाग स्थित विकास भवन में धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मांगों पर लंबे समय से सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से नाराज जवानों ने 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू करने का ऐलान किया है।
पीआरडी जवानों की प्रमुख मांगों में होमगार्ड जवानों की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) दिए जाने और वर्षभर 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। जवानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। लगातार अनदेखी के चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
पीआरडी हित संगठन के जिलाध्यक्ष भरत बैरवाण, जिला उपाध्यक्ष प्रेम भेतवाल एवं कोषाध्यक्ष सुनील बैरवाण ने बताया कि प्रदेशभर के पीआरडी जवान अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। जनपद रुद्रप्रयाग में भी संगठन ने 23 नवंबर से पूर्ण रूप से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित रूप से सूचित कर दिया गया है, ताकि संबंधित विभाग एवं संस्थान अपनी वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकें।
जवानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में मनोज गैरोला, पवन कुमार, दरम्यान, जसपाल, हरीश लाल, मनोज गैरोला, नीरज नौटियाल, प्रकाश धनाई, भुवनेश, दीपक गोस्वामी सहित जनपद के विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे।