फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में धूमधाम से मना शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित
फिरोजाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मेयर कामिनी राठौर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जयसवाल मौजूद रहीं।
विधायक ने कहा- शिक्षकों के पास सम्मान के साथ पढ़ाने का अनूठा अवसर
इस अवसर पर बोलते हुए सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आज समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और निष्ठा काफी बढ़ी है, जिसके लिए शिक्षक स्वयं बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अन्य पेशों और प्रशासनिक पदों के मुकाबले शिक्षकों के पास मां सरस्वती की कृपा से स्वतंत्रता और सम्मानपूर्वक अध्यापन कराने का अनूठा अवसर होता है।
जिलाधिकारी ने कहा- शिक्षण कार्य देश के भविष्य निर्माण का पवित्र दायित्व
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षण कार्य केवल एक विषय नहीं है, बल्कि देश और समाज के भविष्य का निर्माण करने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र दायित्व है। उन्होंने कहा कि समारोह में दिया जाने वाला सम्मान प्रतीकात्मक है, इसके माध्यम से जनपद के सभी शिक्षकों का सम्मान निहित है। उन्होंने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा को बच्चों के जीवन का फाउंडेशन स्टोन बताया।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाएं और माननीय प्रधानमंत्री जी के संकल्प को दोहराते हुए प्रति सप्ताह 2 घंटे श्रमदान कर विद्यालय परिसर को स्वच्छ-सुंदर बनाएं। साथ ही स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
मेयर ने कहा- शिक्षक समाज के आधार स्तंभ
मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक समाज के आधार स्तंभ हैं। एक वकील की गलती फाइलों में, इंजीनियर की गलती ईंट-पत्थरों में और डॉक्टर की गलती कब्रिस्तान में दब जाती है, परंतु एक शिक्षक की गलती से सभ्य समाज और सशक्त राष्ट्र बनाने में कठिनाई आती है।
इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित:
माध्यमिक शिक्षा से डॉ. सुनील यादव (नगला पट्टी), डॉ. सीमा यादव (कोडरा), योगेंद्र सिंह (नारखी), शिवांगी लवानिया (टूंडला), यतेंद्र कुमार (उसायनी), हिमांशु शर्मा (DAV), महेश चंद दुबे, नारायण सिंह, हरेंद्र सिंह सहित
प्राथमिक शिक्षा से रश्मि सिंह (कारीखेड़ा), दीपक बंसल (सोफीपुर), अखिलेश कुमार (दिनौली गोरवा), नेहा सक्सैना (चंदवार गेट), विनोद कुमार (बहादुरपुर), मनोज कुमार (नंदनपुर), हरिप्रसाद (गढ़िया), मयंक रावत (नगला गंगी) आदि को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लखनऊ से सजीव प्रसारण भी देखा गया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट - कश्मीर सिंह, DDM NEWS, फिरोजाबाद
#DDMNEWS #Firozabad #ShikshakDiwas #TeachersDay #FirozabadNews #UPNews #ManishAseja #DMFirozabad
--