प्रेस विज्ञप्ति
29 अगस्त 2026
शीर्षक: स्थानीय रावणेश्वर हॉल में पेपरलेस निबंधन जन-जागरुकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन। पेपर लेस निबंधन प्रक्रिया पारदर्शी, सुलभ एवं युवा-अनुकूल भविष्य का मुख्य आधार –जिला पदाधिकारी ।
जमुई : जिला निबंधन कार्यालय, जमुई के तत्वावधान में आज स्थानीय रावणेश्वर हॉल में 'पेपरलेस निबंधन जन-जागरुकता कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी ने राज्य व देश की युवा शक्ति तथा डिजिटलीकरण को केंद्र में रखते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली में दूरगामी सुधारों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में सर्वाधिक युवाओं का देश है और राज्य की भी लगभग 40 प्रतिशत आबादी युवा वर्ग की है, जो तकनीकी रूप से अत्यंत सक्षम एवं कुशल है। अतः हमारी भावी योजनाएं, नीतियां और प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी युवाओं की आकांक्षाओं व क्षमताओं के पूर्णतः अनुकूल होनी चाहिए। इसी दूरदर्शी सोच के तहत लागू की जा रही पेपरलेस निबंधन व्यवस्था आने वाले समय में पूरी तरह युवा पीढ़ी की जरूरतों और डिजिटल युग की गति और मांग के अनुरूप सिद्ध होगी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से पेपर लेस निबंधन की प्रक्रिया की प्रासंगिकता को अत्यंत सरल रूप में समझाया। उन्होंने अतीत और वर्तमान का तुलनात्मक उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में जिस प्रकार पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया अत्यंत जटिल एवं चुनौतीपूर्ण मानी जाती थी, वही प्रक्रिया आज डिजिटल तकनीक के माध्यम से बेहद सहज और सुलभ बन चुकी है। इसी प्रकार, पहले अध्ययन का साधन जहां केवल किताबें और कॉपियां हुआ करती थीं, वहीं आज लैपटॉप और कंप्यूटर पठन-पाठन का अभिन्न अंग बन चुके हैं।
भूमि क्रय-विक्रय की प्रक्रिया का विश्लेषणात्मक विवरण देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि एक व्यक्ति द्वारा जमीन बेचने और दूसरे द्वारा उसे खरीदने के इस संपूर्ण लेनदेन में वास्तव में मूल एवं काम की बातें केवल जमाबंदी संख्या, खाता, खेसरा, रकबा और चौहद्दी ही होती हैं। पारंपरिक निबंधन प्रक्रिया की जटिलताओं और अनावश्यक विस्तार को छोड़कर अब इस नई पेपरलेस व्यवस्था में केवल इन अति-आवश्यक व प्रासंगिक तथ्यों को ही दर्ज किया जाता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे पुरानी व परंपरागत कागजी प्रक्रिया का मोह त्यागकर इस नई तकनीक आधारित प्रणाली को अपनाएं। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को इतना सहज, पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाना है ताकि यह भविष्य की युवा पीढ़ी के सर्वथा अनुकूल बन सके।
इससे पूर्व, स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए जिला अवर निबंधक श्री विनीत कुमार ने पेपरलेस निबंधन के तकनीकी एवं व्यावहारिक आयामों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था वर्तमान डिजिटल समय की अनिवार्य मांग है, जिससे कागजी कार्रवाई न्यूनतम हो जाएगी। इस प्रणाली के अंतर्गत कोई भी नागरिक स्वयं अथवा सेवा प्रदाता के माध्यम से ऑनलाईन प्रक्रिया पूर्ण कर अपनी स्वेच्छा से निर्धारित समय व तिथि पर कार्यालय में उपस्थित होकर निबंधन करा सकता है। निबंधन के उपरांत दस्तावेज की रंगीन डिजिटल प्रति कार्यालय द्वारा पक्षकार को तत्काल उपलब्ध करा दी जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है जिससे फर्जी रजिस्ट्री की संभावना समाप्त हो जाती है तथा निबंधित दस्तावेजों की जांच दुनिया के किसी भी कोने से कभी भी ऑनलाईन की जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन सत्र में अवर निबंधक (चकाई) श्री नवलेश कुमार रजक द्वारा उपस्थित सभी आगत अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। उन्होंने जमुई की आम जनता तथा सेवा प्रदाताओं से इस आधुनिक और पारदर्शी पेपरलेस निबंधन प्रणाली में सक्रिय भागीदार बनकर इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री बाल मुकुंद प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री विरेन्द्र कुमार, कोषागार पदाधिकारी श्री सुधीर गिरी, उत्पाद अधीक्षक श्री सुभाष कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री विकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, मीडिया कर्मी, प्रबुद्ध नागरिक एवं सेवा प्रदाता मुख्य रूप से मौजूद थे।
7 views | Jamui, Bihar | Aug 29, 2026