जिले में बढ रहा फ्लोरीकल्चर का रकबा
90 हेक्टयर में हो रही गेंदा, गुलाब व अन्य फूलो की खेती
------
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिले में फ्लोरीकल्चर का रकबा बढ रहा है, उद्यानिकी विभाग द्वारा बागवानी के लिए किसानों को प्रेरित करने के साथ ही उन्हें तकनीकी ज्ञान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके चलते श्योपुर जिले में फूलो की खेती का रकबा 90 हेक्टयर तक पहुंच गया है, जिसमें किसानों के द्वारा गेंदा, गुलाब, गिलवाडिया और बेजी के फूलो की खेती की जा रही है।
विजयपुर क्षेत्र के कृषक श्री महेश कुशवाह द्वारा ग्राम बुद्ध का पुरा में लगभग ढाई बीघा भूमि में गेंदा की खेती की जा रही है और फूलो का उत्पादन भी भरपूर हो रहा है, फूलो की खेती के माध्यम से उन्हें रोज आमदनी प्राप्त हो रही है। श्री कुशवाह बताते है कि स्थानीय बाजार में फूलो की मांग के चलते प्रतिदिन फूलो का विक्रय हो रहा है, वर्तमान में त्यौहारी सीजन होने से दाम भी अच्छे मिल रहे है।
इसी प्रकार खिरनी ग्राम के श्री हरिओम द्वारा भी गेंदा के फूलो की खेती की जा रही है, जिससे उन्हें लाभ मिल रहा है। श्री हरिओम का कहना है कि उनके पास कम जमीन होने से पराम्परागत फसलों के उत्पादन से उतनी आय अर्जित नही होती है, जितनी आय फूलो की खेती से हो रही है।
उद्यानिकी विस्तार अधिकारी श्री एसएस प्रजापति ने बताया कि कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जिले में उद्यानिकी और फ्लोरीकल्चर का रकबा बढाने के लिए दिये गये निर्देशो के क्रम में किसानों को फूलो की खेती से जोडा जा रहा है। गेंदा, गुलाब और गिलवाडिया तथा बेजी के फूलों के उत्पादन के लिए श्योपुर जिले का मौसम अनुकूल है तथा इसका उत्पादन भी अधिक होता है। बाजार में अच्छी मांग के चलते किसानों को फूलो की खेती से लाभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि फूलो की खेती के लिए ओर भी किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में मिर्ची उत्पादन को भी बढावा दिया गया है, जिसके तहत श्योपुर तहसील के ग्राम माधो का डेरा में मिर्ची कलस्टर विकसित किया गया है, जहां 42 महिला कृषको द्वारा लगभग 150 बीघा भूमि में मिर्ची का उत्पादन किया जा रहा है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Horticulture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
1 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026