सड़क किनारे खड़े वाहन बन रहे जाम और हादसों का कारण, ऑल ड्राइवर कल्याण संघ ने DC से लगाई गुहार
न्यू बस स्टैंड से भद्रम और करियां तक सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों को हटाने की मांग, ड्राइवरों के मानसिक तनाव और आत्मसम्मान का उठाया मुद्दा
चंबा, 27 नवंबर। जिला चंबा में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर ऑल ड्राइवर कल्याण संघ जिला चंबा (भारत) ने चिंता जताई है। संघ ने न्यू बस स्टैंड चंबा से भद्रम तथा न्यू बस स्टैंड से करियां तक सड़क के दोनों किनारों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ ने उपायुक्त चंबा को प्रस्ताव भेजकर समस्या का जल्द समाधान करने का आग्रह किया है।
संघ ने बताया कि जाम के कारण ड्राइवरों को निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। समय-सारिणी प्रभावित होने से वाहन चालकों के बीच आपसी बहसबाजी, लड़ाई-झगड़े और बदसलूकी तक की नौबत आ जाती है। इससे ड्राइवरों को अनावश्यक मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है।
संघ ने यह भी कहा कि लगातार ऐसी परिस्थितियों से गुजरने के कारण वाहन चालकों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंच रही है। ड्राइवर सड़क पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑल ड्राइवर कल्याण संघ ने उपायुक्त चंबा से आग्रह किया है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न्यू बस स्टैंड से भद्रम और करियां तक सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए उचित कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
#Chamba #DriverWelfareAssociation #RoadSafety #TrafficJam #ChambaNews #TribalLiveNews
Chamba, Chamba | Nov 27, 2026