कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास मैहला का उप शिक्षा निदेशक ने किया निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद
मैहला चंबा 27 नवंबर 2026
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास मैहला का उप शिक्षा निदेशक (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा श्रीमती उपमा शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला समन्वयक डॉ. कविता बिजलवान भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती उपमा शर्मा ने छात्रावास की टाइप-III एवं टाइप-IV दोनों इकाइयों का दौरा कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, शैक्षणिक सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा छात्रावास में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
छात्रावास की वार्डन श्रीमती रोहिणी शर्मा ने छात्रावास में संचालित विभिन्न गतिविधियों, व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में उचित रखरखाव, स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न गतिविधियों में छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उपमा शर्मा ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है।
इस दौरान उन्होंने छात्रावास में स्थापित एस्ट्रोनॉमी लैब (खगोल विज्ञान प्रयोगशाला) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अध्यापकों द्वारा छात्राओं को समय-समय पर खगोलीय उपकरणों की जानकारी देने के साथ उनका व्यावहारिक उपयोग भी सिखाया जा रहा है। इससे छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के अंत में उपमा शर्मा ने छात्रावास प्रबंधन की सराहना करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया।
TRIBAL LIVE NEWS | The Voice of Tribal
Chamba, Chamba | Nov 27, 2026