कासगंज में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके, महिला हेल्पलाइन व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत 20 अक्टूबर को जनपद कासगंज के सभी थानों में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
महिला अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
जागरूकता कार्यक्रमों में घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने, उत्पीड़न और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के शोषण, धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान
साइबर जागरूकता के दौरान फर्जी पुलिस अधिकारी या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन और वीडियो कॉल के जरिए डराने तथा रुपये ऐंठने वाले साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे मांगना साइबर ठगी का तरीका है। अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी, बैंक विवरण, एटीएम पिन तथा पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि आपात स्थिति में 112, महिला संबंधी शिकायतों के लिए 1090 और साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।
सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर
महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो और लोकेशन साझा करते समय सावधानी बरतने तथा अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट, संदिग्ध संदेशों और वीडियो कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कासगंज पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना, साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताना और जरूरत पड़ने पर समय से पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।
संदेश: सजग नारी, सुरक्षित समाज।
#Kasganjpolice #soron #mishanshakti