कासगंज में 55 फीट के रावण का दहन, श्रीराम ने किया रावण का वध
रामलीला मंचन में लक्ष्मण-रावण और हनुमान-रावण युद्ध का हुआ सजीव चित्रण, रावण दहन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात; ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी
कासगंज। श्री रामलीला कमेटी (रजि.) कासगंज के तत्वावधान में सोमवार को रामलीला मंच पर रात्रि आठ बजे भव्य रामलीला का मंचन किया गया। इसमें रावण के युद्ध के लिए प्रस्थान करने, लक्ष्मण जी के साथ युद्ध तथा श्री हनुमान जी और रावण के बीच हुए युद्ध का सजीव चित्रण किया गया। इसके बाद लंका में माता सीता, त्रिजटा और रावण के बीच संवादों का भावपूर्ण मंचन हुआ। अंत में श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्ध के बाद श्रीराम ने रावण का वध किया। इसके साथ ही अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
वहीं, रात्रि सात बजे प्रभु पार्क में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। विजयादशमी के अवसर पर लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया।
रावण दहन के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। कोतवाली प्रभारी कासगंज जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के प्रमुख स्थानों और मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिससे आयोजन के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पुलिस ने रावण दहन के दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निगरानी की। भीड़ की गतिविधियों और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखी गई। पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन से निगरानी के जरिए पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी गई, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
वृंदावन के निर्देशन में हुआ रामलीला मंचन
रामलीला का मंचन वृंदावन से आए निर्देशक के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न हुई तथा मंच संचालन के माध्यम से दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ा गया। रामलीला के कलाकारों ने युद्ध और संवादों का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों को भावविभोर किया।
समिति की ओर से नगरवासियों और श्रद्धालुओं से परिवार सहित रामलीला मंचन कार्यक्रम में पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की गई।
#Kasganj #Ramleela #dashahara #Ram