जमुई: आधी रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को पकड़ कर किया पुलिस के हवाले, फिर मंदिर में कराई शादी, जमुई में वीडियो वायरल
जमुई जिले के चकाई प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रडीह गांव में आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी युवक को परिजन ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया लेकिन फिर पंचायत के तहत दोनों परिवार वालों और ग्रामीणों की सहमति से दोनों की हिन्दू रीति रिवाज के साथ महादेव मंदिर में धूमधाम से शादी करा दी गई। दोनों की शादी का वीडियो सोमवार की सुबह 10 बजे सामने आई है, जो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। मामला गुरुवार और शुक्रवार की बताई जाती है। वायरल वीडियो में शादी के सारे रस्म को निभाते देखा जा सकता है, पंडित जी भी शादी की रीति रिवाज को पूरी करवा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक फरियताडीह पंचायत के कोल्हाडीह निवासी सुरेश पंडित के पुत्र छोटू कुमार और रामचंद्रडीह निवासी कारू पंडित की पुत्री प्रियांजलि कुमारी के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीते गुरुवार की देर रात छोटू अपने एक दोस्त के साथ प्रियांजलि से मिलने उसके घर पहुंचा था। कमरे में आहट होने पर परिजनों की नींद खुल गई और उन्होंने दोनों को पकड़कर चकाई थाना पुलिस के हवाले कर दिया।थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। फरियेताडीह पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, रामचंद्रडीह पंचायत के सरपंच नरसिंह पासवान और जयनंदन प्रसाद सहित दोनों गांवों के प्रबुद्ध लोगों ने समझा-बुझाकर परिजनों को विवाह के लिए राजी कर लिया। इसके बाद दुखिया महादेव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी कराई गई।
Jamui, Jamui | Sep 7, 2026