जमुई: नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, भक्ति के रंग में रंगा पूरा इलाका
गुरुवार की शाम 5:30 बजे वीर कुंवर सिंह दुर्गा पूजा सेवा समिति द्वारा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से ढोल- बाजे के साथ धूमधाम से मां दुर्गा का प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला गया।
भव्य जुलूस के दौरान जिला व पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। इस दौरान गृहस्थी समेत पूरे बाजार में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।विसर्जन जुलूस श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम से निकलकर कचहरी रोड, महाराजगंज, थाना चौक, खैरा मोड़ होते हुए पूरे शहर का भ्रमण करते हुए बोधवन तालाब पहुंचा, जहां विधि-विधान व मंत्रोच्चारण के साथ युवाओं ने मां दुर्गा की प्रतिमा को कांधे पर उठाकर नम आंखों से तालाब में विसर्जित किया। इससे पहले पूजा अर्चना की गई।
इससे पूर्व विसर्जन जुलूस के दौरान पूरा शहर भक्ति मय बना रहा। गृहहस्थी के संजय बालोदिया समेत पूरे बाजार में जगह जगह पर प्रतिमा व जुलूस पर पुष्प वर्षा की गई। साथ ही श्रद्धालुओं व जुलूस में शामिल लोगों के बीच पानी का भी वितरण कर स्वागत किया गया। मां दुर्गा के जयकार और भक्ति गीत से पूरा इलाका भक्ति के रस में डूबा रहा। बड़ी संख्या में पुरुष व महिला पुलिस जुलूस के साथ साथ चलते रहे।
पूजा कमेटी के सदस्य भी ऐक्टिव मोड में दिखे। साथ में पुलिस प्रशासन भी तैनात रही। पुलिस पदाधिकारी व जवान जुलूस पर अपनी नजर रखे हुए थे। चौक- चौराहों पर भी पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, यानि शांतिपूर्वक विसर्जन जुलूस संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस के दौरान चौक चौराहों के साथ-साथ पूरे बाजार में श्रद्धालुओं को अन्य लोगों की भीड़ देखने के लिए उमड़ी रही। #jamui #jamuiPolice #durgapujaspecial #durgapuja
Jamui, Jamui | Oct 22, 2026