दुखद: पुराने मकान की दीवार ढहने से मलबे में दबे दो मजदूरों की मौत,,
धारकीतुणी में हादसा, SDRF ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शव बरामद किए,, मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस,,
अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को पुराने मकान की दीवार ढहने से दो व्यक्तियों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसा धारकीतुणी क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और मलबे के नीचे दबे दोनों शवों को बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (DCR) अल्मोड़ा से सुबह 11:36 बजे SDRF को सूचना मिली कि धारकीतुणी के पास एक पुराने मकान की दीवार अचानक ढह गई है। दीवार के मलबे में दो व्यक्ति दब गए हैं। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने मलबा हटाकर दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद SDRF ने दोनों शवों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।