कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान, डॉ. घनश्याम अनुरागी बोले- सैनिक ही राष्ट्र के असली गौरव
उरई (जालौन)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चुरखी रोड स्थित हवलदार अनिल सिंह के प्रतिष्ठान के सामने पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता एसोसिएशन के वरिष्ठ संरक्षक एवं प्रदेश अध्यक्ष कमांडर अनूप मेहरोत्रा (नौसेना मेडल) ने की।
समारोह में कारगिल युद्ध के शहीद सिपाही योगेंद्र सिंह पाल की पत्नी श्रीमती भूरी देवी, ऑपरेशन पराक्रम में शहीद नायक मनोज कुमार सिंह चौहान की पत्नी श्रीमती पुष्पलता देवी तथा गलवान घाटी में शहीद हुए हवलदार धर्मपाल सिंह राजपूत की पत्नी श्रीमती क्रांति देवी को शॉल एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कारगिल युद्ध में अपनी सेवाएं देने वाले 70 से अधिक पूर्व सैनिकों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक ही वास्तविक सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने स्वयं माल्यार्पण कराने से इनकार करते हुए कहा कि जिन वीरों ने मातृभूमि की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया, सम्मान का अधिकार सबसे पहले उन्हीं का है। उन्होंने कहा कि आज देश सुरक्षित है तो उसके पीछे सैनिकों का अदम्य साहस, त्याग और बलिदान है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कमांडर अनूप मेहरोत्रा ने पूर्व सैनिकों से संगठन की मजबूती और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने एसोसिएशन के संरक्षक मेजर घनश्याम सिंह एवं प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच को हाल ही में झांसी छावनी में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रदान किए गए वेटरन अचीवमेंट अवॉर्ड को पूरे संगठन के लिए गौरव का विषय बताया।
समारोह के अंत में प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नायब सूबेदार दिनेश निगम ने किया।
इस अवसर पर सूबेदार उदय पाल, कैप्टन छेदा सिंह, हवलदार अरविंद सिंह चौहान, हवलदार अमर सिंह पाल, नायब सूबेदार अनिल कुमार सिंह राठौर, हवलदार कौशलेंद्र प्रताप सिंह जादौन, नायब सूबेदार राधेश्याम दोहरे, हवलदार जितेंद्र सिंह सरदार, हवलदार अनिल सिंह चौहान, प्रमोद पाल, हवलदार सुरेंद्र सिंह पाल, हवलदार डी.पी. त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
Dr. Ghanshyam Anuragi
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 26, 2026