*मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के 1.05 करोड़ से अधिक पेंशनधारियों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन जारी; सहरसा के 2.17 लाख से अधिक लाभुक हुए लाभान्वित*
माननीय मुख्यमंत्री बिहार ,श्री सम्राट चौधरी द्वारा गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1,05,67,975 पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए अगस्त माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन (₹1100 प्रति माह) की राशि का सफलतापूर्वक अंतरण किया गया। इस कार्यक्रम से सहरसा जिला भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ा। जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त सहरसा,श्री गौरव कुमार, अपर समाहर्त्ता सहरसा, श्री निशांत निदेशक DRDA, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण ईकाई, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सहित लगभग 100 से अधिक स्थानीय पेंशनधारी इस वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के कल्याण के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने सभी पेंशनधारियों को आश्वस्त किया कि अब से हर महीने की 10 तारीख को पिछले माह की पेंशन राशि अनिवार्य रूप से लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरण कर दी जाएगी। उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार(भाo प्रा o सेo) ने जानकारी दी कि सहरसा जिले में कुल 2,17,828 लाभुकों को अगस्त 2026 माह की पेंशन जारी कर दी गई है, जिनका जीवन प्रमाणीकरण 31 अगस्त 2026 तक सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। सहरसा जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभान्वितों का विवरण इस प्रकार है:
* मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना: 1,19,722 लाभार्थी
* इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना: 56,641 लाभार्थी
* बिहार निःशक्तता पेंशन योजना: 15,434 लाभार्थी
* लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना: 14,770 लाभार्थी
* इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना: 9,808 लाभार्थी
* इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना: 1,453 लाभार्थी
उप विकास आयुक्त ने बताया कि सहरसा जिले में 10 सितंबर 2026 तक कुल- 28,389 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है । उप विकास आयुक्त द्वारा वैसे सभी पेंशनधारियों जिन्होंने अपना जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है से अपील की गई है कि वे अपनी पेंशन का निर्बाध लाभ प्राप्त करने के लिए यथाशीघ्र अपना नजदीकी सीए.स.सी सेंटर (वसुधा केंद्र) पर जा कर अपना जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराएं। कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी पेंशनधारियों को पेंशन की राशि प्राप्त होने पर शुभकामनाएं दीं।