जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सिंचाई विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सिंचाई विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सुदूर क्षेत्रों के अंतिम छोर तक सिंचाई हेतु पानी पहुंचाने के उद्देश्य से समुचित कार्ययोजना तैयार कर विभाग से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने बड़ी एवं महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सिंचाई योजनाओं के पूर्ण होने से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी तथा कृषि कार्यों को भी बढ़ावा मिलेगा।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कतरिया वियर सिंचाई योजना का 81 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला पदाधिकारी ने शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यदायी एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मार्च 2027 तक योजना का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा बदुआ जलाशय में गंगा नदी का अधिशेष पानी लाने हेतु निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में जल्द से जल्द पूर्ण कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, बैठक में कार्यपालक अभियंता,बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अनुपस्थित रहने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा वेतन स्थगित करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
Banka, Bihar | Aug 25, 2026