आज माननीय मुख्यमंत्री महोदय के कर-कमलों द्वारा अनीमिया मुक्त बिहार कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में बांका जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम सदर अस्पताल, बांका में जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा भाग लिया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, बांका डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, उपाधीक्षक डॉ. लक्ष्मण पंडित, सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुश्री स्नेह प्रभा, जिला लेखा प्रबंधक श्री अमरेंद्र कुमार आर्य, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार, एनआईसी के नेटवर्क इंजीनियर श्री नवनीत कुमार, अस्पताल प्रबंधक श्री सुनील कुमार चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
अनीमिया मुक्त बिहार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, किशोर-किशोरियों, प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं एवं गर्भवती महिलाओं में अनीमिया की रोकथाम, समय पर जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना है। सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार लगभग 69.4 प्रतिशत बच्चे एवं 63.5 प्रतिशत महिलाएं अनीमिया अर्थात खून की कमी से प्रभावित हैं। इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के आपसी समन्वय से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख भूमिका रहेगी। इस अभियान के अंतर्गत पिंक टैबलेट लगभग 5 लाख तथा ब्लू टैबलेट लगभग 4 लाख उपलब्ध/वितरित की जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 5 से 9 वर्ष के बच्चों, 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के विद्यालय जाने वाले किशोर-किशोरियों, प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं एवं गर्भवती महिलाओं को लक्षित करते हुए अनीमिया की जांच, उपचार एवं आवश्यक फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाएगा। यह विशेष अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा तथा इसके उपरांत भी अनीमिया नियंत्रण से संबंधित गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिले के सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों के माध्यम से लक्षित लाभार्थियों की जांच की जाएगी। इस कार्य में CHO, ANM, RBSK टीम एवं अन्य संबंधित कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी लक्षित लाभार्थियों की अनीमिया जांच कर आवश्यकतानुसार उनका उपचार किया जाएगा।
बांका जिले में कार्यक्रम के अवसर पर सदर अस्पताल, बांका सहित रेफरल अस्पताल अमरपुर, बौसी एवं कटोरिया में भी गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रत्येक स्थल पर लगभग 50-50 लाभार्थियों के साथ टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से अनीमिया की रोकथाम, जांच एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान आमजन में अनीमिया के प्रति विशेष जागरूकता लाने पर भी बल दिया गया। लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा विशेष रूप से हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, अनाज, अंकुरित चना, मूंगफली, मौसमी फल एवं विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जंक फूड एवं पोषण रहित पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के अत्यधिक सेवन से बचने की अपील की गई।
अनीमिया मुक्त बिहार कार्यक्रम के माध्यम से जिले के सभी लक्षित लाभार्थियों की नियमित जांच, समय पर उपचार एवं व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करते हुए अनीमिया मुक्त बांका के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
Banka, Bihar | Aug 25, 2026