मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में आज विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों एवं सभी जिला पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं, एग्रीस्टैक, किसान रजिस्ट्री, डिग्री कॉलेज हेतु भूमि उपलब्धता, स्वास्थ्य अभियानों एवं जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, बांका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एग्रीस्टैक एवं किसान रजिस्ट्री के तहत कृषि एवं राजस्व विभाग के साथ समीक्षा करते हुए किसानों के डिजिटल प्रमाणीकरण एवं डेटाबेस के अद्यतीकरण का कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
ऊर्जा विभाग की प्राथमिक योजनाओं, विशेषकर PMSG-MBY के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जमीनी स्तर पर इसकी निगरानी को और तेज करने पर बल दिया गया। वहीं, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं डिग्री कॉलेज हेतु भूमि उपलब्धता की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं सभी सिविल सर्जनों के साथ राज्य में टीबी उन्मूलन की दिशा में संचालित अभियानों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान व्यापक स्तर पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सहकारिता विभाग के अंतर्गत VegFed के कार्यों की भी समीक्षा की गई। वेगफेड हेतु आवश्यक भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने तथा वितरण तंत्र को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों के स्थायी भवनों के निर्माण हेतु भूमि चिह्नित एवं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। भवन निर्माण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं संबंधित जिला पदाधिकारियों को भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में भूमिहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती विद्यालयों के साथ टैग करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
Banka, Bihar | Aug 25, 2026