कीरतपुर प्रीमियर लीग के रोमांचक फाइनल में कीरतपुर ने हमीरपुर को 6 रन से हराया, खिताब पर जमाया कब्जा
सेमीफाइनल में हमीरपुर ने साहूपुर को एक रन से दी शिकस्त, फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
सुमेरपुर हमीरपुर - कीरतपुर में आयोजित बलसिंह यादव स्मृति कीरतपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) सीजन-1 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में हमीरपुर की टीम ने साहूपुर को एक रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं फाइनल मुकाबले में कीरतपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमीरपुर को छह रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंजाब प्रदेश अध्यक्ष संत समाज स्वामी दिगंबर मुनि जी महाराज श्री 1008 महामंडलेश्वर रामदेव जी महाराज ने फीता काटकर किया। इसके बाद हमीरपुर और साहूपुर के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें हमीरपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 83 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहूपुर की टीम 12 ओवर में 82 रन ही बना सकी। इस तरह हमीरपुर ने एक रन से रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद कीरतपुर और हमीरपुर के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए कीरतपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 94 रन बनाए। जवाब में उतरी हमीरपुर की टीम 89 रन ही बना सकी। इस तरह कीरतपुर ने छह रन से जीत दर्ज कर केपीएल सीजन-1 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इदरीश खान, शुभकरण परिहार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवशरण यादव, कुरारा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरनारायण निषाद, राजू यादव प्रधान, अशोक यादव प्रधान, शिवशरण प्रजापति, कल्ला प्रधान, सुनील सचान प्रधान, विनोद निषाद प्रधान, रणविजय प्रधान हेलापुर, सुरेश निषाद पूर्व प्रधान, कमलेश प्रधान, बालेंद्र यादव, बबलू यादव, जीत सिंह, रामबाबू, सुमित सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के आयोजक सत्यप्रकाश यादव ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अभिषेक गौर और जितेंद्र सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले की आखिरी गेंद तक रोमांच बना रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
Hamirpur, Hamirpur | Nov 15, 2026