#भरतपुर। पंचायत आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत शुक्रवार को मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को दो पारियों में उनके गंतव्य स्थलों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने कार्मिकों को टीम भावना और पूर्ण पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस जवानों की मदद से मतदाताओं की एक ही कतार रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सख्त हिदायत दी कि निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी प्रत्याशी का आतिथ्य स्वीकार न करे और किसी भी समस्या पर तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित करे। चतुर्थ चरण में सेवर, रूपवास और उच्चैन पंचायत समितियों की 96 ग्राम पंचायतों के 344 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 9 हजार 427 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें रूपवास में 1,24,858, सेवर में 1,13,907 और उच्चैन में 70,662 मतदाता शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए कुल 2274 कार्मिक लगाए गए हैं, जिन्हें पहली पारी में रूपवास तथा दूसरी पारी में सेवर और उच्चैन के लिए रवाना किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवम्बर को 61 पंचायत समिति सदस्यों और 12 जिला परिषद सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान होगा, जबकि 16 नवम्बर को 96 सरपंचों और 974 वार्ड पंचों के लिए मतपत्रों से वोट डाले जाएंगे। रवानगी के दौरान जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा, एडीएम सिटी राहुल सैनी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी रिछपाल सिंह बुरड़ाक, प्रशिक्षण प्रभारी मुनिदेव यादव, प्रशिक्षु आईएएस भानु शर्मा व आलोक सिंह, कोषाधिकारी डॉ. लोकेंद्र सिंह तथा उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार, सुरेश हरसोलिया व भारती गुप्ता सहित अन्य प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।