#भरतपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला कलक्टर कमर चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने पंचायत समिति सेवर, उच्चैन एवं रूपवास क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दौरे के दौरान दोनों अधिकारियों ने बूथों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस जाप्ते की तैनाती तथा अन्य आवश्यक बंदोबस्त की बारीकी से समीक्षा की। विशेष रूप से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन और पुलिस का स्पष्ट संकल्प है कि जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और पंच पदों के लिए होने वाला लोकतंत्र का यह उत्सव पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।