#यूडीसी_कर्मचारी_का_वीडियो_वायरल!
भरतपुर। जिले की तीन पंचायत समितियों में होने वाले चौथे चरण के मतदान से पहले प्रचार थम चुका है और शनिवार को मतदान होना है। इसी बीच अब ऊंदरा ग्राम पंचायत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में शिक्षा विभाग के एक यूडीसी कर्मचारी को सरपंच प्रत्याशी के साथ प्रचार करते हुए दिखाया गया है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। हालांकि, संबंधित कर्मचारी कृष्ण कांत का कहना है कि वे पिछले पांच दिनों से तीसरे चरण के चुनाव की ड्यूटी में व्यस्त थे और ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार नहीं किया है। दूसरी ओर, एडीएम राजीव शर्मा ने कहा कि फिलहाल यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और यदि कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।