नवरात्रि के पहले दिन मां मंगला गौरी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, रात 2 बजे से लगी कतारें, गयाजी के प्रसिद्ध शक्तिपीठ में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अष्टमी की निशा पूजा को लेकर रहेगी विशेष तैयारी
गयाजी। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन गयाजी शहर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना देर रात से ही शुरू हो गया। सुबह दो बजे के बाद से मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी। जैसे-जैसे सुबह हुई, वैसे-वैसे मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। मंदिर परिसर में मां के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया. श्रद्धालुओं ने मां मंगला गौरी के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में उमड़ी भीड़ ने मां मंगला गौरी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाया। गयाजी के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी भक्त मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है।
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, दर्शन की विशेष व्यवस्था
नवरात्रि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से दर्शन की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन कर सकें और भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके। प्रबंधन का प्रयास है कि भक्तों को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मंदिर के अध्यक्ष शंकर प्रसाद ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मां मंगला गौरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन और दर्शन की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु अनुशासित तरीके से कतार में लगकर दर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि जिन श्रद्धालुओं को विशेष परिस्थिति में शीघ्र दर्शन की आवश्यकता है, उनके लिए शीघ्र दर्शन पास की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर प्रबंधन श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक इंतजाम कर रहा है।
अष्टमी की निशा पूजा पर रहेगा विशेष ध्यान
नवरात्रि के दौरान अष्टमी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर में विशेष निशा पूजा का आयोजन किया जाता है। मंदिर अध्यक्ष शंकर प्रसाद ने बताया कि अष्टमी की निशा पूजा के दौरान विशेष ध्यान दिया जाता है और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप व्यवस्था की जाती है। नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। मां के दर्शन के लिए भक्तों में खास उत्साह है। मंदिर प्रबंधन को उम्मीद है कि नवरात्रि के आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचेंगे। गयाजी के इस प्रसिद्ध शक्तिपीठ में नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मां के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद मांग रहे हैं। वहीं, मंदिर प्रबंधन भीड़ को नियंत्रित रखने और भक्तों को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दे रहा है।
#गयाजी
#गया_हो
Gaya Dastak
#बिहार
#gaya
#manglagauri
#पितृपक्ष