जनपद जालौन में 5 लाख की नकली कोल्ड ड्रिंक जब्त, कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जनपद जालौन के कोंच क्षेत्र में नकली कोल्ड ड्रिंक के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। वरुण बेवरेज कंपनी (PepsiCo) की टीम की सतर्कता से 5 लाख रुपए कीमत की नकली कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है, जिसे बिक्री के लिए उतारा जा रहा था। मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी कोंच से की गई है, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरूण वेवरेज (PepsiCo) कंपनी (गुड़गांव, दिल्ली एनसीआर) के एरिया मैनेजर को 24 जून 2026 की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि कोंच के कंजड़ बाबा, जवाहर नगर क्षेत्र में एक ट्रक (संख्या UP8275354) में नकली कोल्ड ड्रिंक का माल लाया गया है। जांच करने पर पाया गया कि ट्रक में लदा माल कंपनी का असली उत्पाद नहीं है। बताया गया कि यह माल किसी रामकिशुन अग्रवाल निवासी कोंच द्वारा मंगाया गया था और उसे पास ही कंजड़ बाबा के पास स्थित गोदाम में उतारा जा रहा था। इस पूरे मामले की जानकारी कोंच स्थित बालाजी ट्रेडर्स (pepsico) के संचालक आशुतोष व्यास द्वारा कंपनी को दी गई थी।
सूचना मिलते ही कंपनी के अधिकारियों ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली माल को कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से तैयार कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी के मैनेजर एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा उप जिलाधिकारी कोंच को लिखित शिकायत सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही, जांच एजेंसी द्वारा भी उक्त माल के नकली होने की पुष्टि की गई है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है।
वीडियो क्रेडिट- UP ORG NEWS
Orai, Jalaun | Jun 24, 2026