ग्वालियर में जूनियर डॉक्टरों का कलम बंद आंदोलन, 21 अक्टूबर से मरीजों का इलाज प्रभावित होने की आशंका
डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हमले के विरोध में जूनियर डॉक्टरों का फैसला, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हुए हमले के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने 21 अक्टूबर 2026 से कलम बंद आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि इस घटना के बाद चिकित्सक और मेडिकल छात्र खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. धुआराम गुर्जर की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री के ट्रॉमा सेंटर दौरे के तत्काल बाद डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हमला हुआ। एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि जब वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस तरह की घटना हो सकती है, तो सामान्य परिस्थितियों में चिकित्सकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन ने मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों और कथित षड्यंत्रकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस प्रशासन से 21 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक जांच एवं विवेचना से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करने की मांग की गई है।
मनोरोग विभाग में जारी रहेगा काम
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, कलम बंद आंदोलन के दौरान मनोरोग विभाग में नियमित कार्य जारी रहेगा, ताकि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों का उपचार प्रभावित न हो।
डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक घटना के संबंध में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस आंदोलन से अस्पताल की सामान्य चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।