राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय-कृषि महाविद्यालय ग्वालियर के 20 कृषि छात्रों का एक दल ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम (रावे) के तहत शिवपुरी पहुंचा है। सत्र 2026-27 के दौरान यह दल आगामी छः माह तक कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के समन्वय में जिले के किसानों के साथ सहभागिता करते हुए कृषि की व्यावहारिक जानकारियों और उन्नत तकनीकों को सीखेगा।
कृषि स्नातक के 4 वर्षीय पाठ्यक्रम में 3 वर्ष की सैद्धांतिक शिक्षा पूर्ण करने के उपरांत अंतिम वर्ष के प्रथम सेमेस्टर में छात्रों को कृषकों के साथ खेतों में रहकर व्यावहारिक तकनीकों को सीखना अनिवार्य होता है। इस अनुभव के पश्चात ही छात्रों का स्नातक कार्यक्रम पूर्ण माना जाता है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को शिवपुरी पहुंचे छात्रों के दल ने कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण किया। वहां उन्होंने केंद्र के क्लीन कैंपस-ग्रीन कैंपस तथा स्वच्छता अभियान का अवलोकन किया।
कृषि विज्ञान केंद्र, शिवपुरी के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार द्वारा केंद्र पहुंचे सभी कृषि छात्रों को रावे कार्यक्रम की अवधि के दौरान ध्यान रखने योग्य प्रमुख दिशा-निर्देशों एवं अनुशासन से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य भावी कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों को जमीनी स्तर पर किसानों की व्यावहारिक समस्याओं और आवश्यकताओं से जोड़ना है।
आगामी दिनों में इस दल का प्रत्येक छात्र जिले के अंगीकृत ग्रामों में एक-एक किसान के साथ रहकर कृषि के व्यावहारिक अनुभवों को सीखेगा। इसके साथ ही छात्र जिले में कृषि तकनीकों के परीक्षण, प्रदर्शन, प्रसार और नवाचार गतिविधियों को मैदानी स्तर पर लागू कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
#Shivpuri