समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 09 नवंबर 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण करने का निर्देश
आज दिनांक 09 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को छठ पर्व के अवसर पर लाइट एंड साउंड लेजर शो के प्रदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने आवंटित प्रखंड में कम-से-कम एक छठ घाट गोद लेकर वहां छठ व्रतियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने नगर निकायों एवं प्रखंड प्रशासन को छठ घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मति, घाटों के समतलीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
विद्युत विभाग को घाटों एवं पहुंच पथों पर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था तथा सभी तारों एवं उपकरणों की जांच करने, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन विभाग को गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान, प्रशिक्षित गोताखोरों, बचाव दल एवं आवश्यक उपकरणों की तैनाती का निर्देश दिया गया।
पुलिस प्रशासन को प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, निरंतर गश्ती तथा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए घाटों का नियमित निरीक्षण करने एवं कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #buxarjila #bihar #CMSamrat #BuxarNews #samratchaudhary #BiharNews
Buxar, Bihar | Nov 9, 2026