17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, सेवा संकल्प अभियान का होगा शुभारंभ डीएम
* एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान; जिले के विद्यालयों से लेकर पंचायत भवन, अस्पताल, जीविका केंद्र और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन
* सेवा, संकल्प और सहभागिता के संदेश के साथ समस्तीपुर 17 सितंबर की शाम दीपों से जगमगाएगा जिला
समस्तीपुर, 16 सितंबर 2026 : जनभागीदारी के संदेश के साथ राज्यभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के अवसर पर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों को गतिविधिवार जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा द्वारा जारी आदेश के अनुसार 17 सितंबर की शाम जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, बुनियादी केंद्रों, जीविका केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र,सभी सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड तथा स्वच्छता से जुड़ी संरचनाओं पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिले के 10 प्रमुख एवं प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों को भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा, डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, डॉ. एलकेवीडी महाविद्यालय ताजपुर, सदर अस्पताल समस्तीपुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर रेलवे स्टेशन, सरदारगंज चौक दलसिंहसराय, गांधी चौक रोसड़ा, प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शाहपुर पटोरी तथा समाहरणालय समस्तीपुर शामिल हैं।
प्रशासन ने सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम से जुड़े फोटो, वीडियो और रील्स जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि अभियान की व्यापक सहभागिता को सामने लाया जा सके।
जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन 17 सितंबर की शाम समाहरणालय, समस्तीपुर में किया जाएगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रजनीश कुमार को कार्यक्रम का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस को आवश्यक सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है। समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम की ड्रोन वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधानों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम की गतिविधियों का फोटो-वीडियो जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम से संबंधित सामग्री को जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समय से प्रसारित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जिलेभर में एक साथ जलने वाले दीप सेवा, संकल्प और सामूहिक सहभागिता के संदेश को व्यापक रूप से सामने लाएंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट, फोटो, वीडियो और रील्स में #आशीर्वादकादीया हैशटैग का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। 17 सितंबर की शाम समस्तीपुर में जब विभिन्न सरकारी संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और घरों-प्रतिष्ठानों पर दीप जगमगाएंगे, तो यह दृश्य सेवा संकल्प अभियान के सामूहिक शुभारंभ और जनभागीदारी का संदेश देगा।
#AashirwadKaDiya #SevaSankalpAbhiyan #Samastipur #SamastipurAdministration #DistrictAdministration #Bihar #PublicParticipation #Seva #Sankalp #CommunityParticipation #GoodGovernance #SocialAwareness #SamastipurNews #BiharNews #DiyaForSeva
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 16, 2026