टेढ़ागाछ में शक्ति सहकारी समिति से महिलाओं को मिली आत्मनिर्भरता की ताकत।
आर्थिक-सामाजिक प्रगति से सशक्त हुईं जीविका दीदियां, वार्षिक आमसभा में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा।
टेढ़ागाछ। शक्ति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, टेढ़ागाछ में बुधवार को वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी बड़ी संख्या में दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। आमसभा को संबोधित करते हुए डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा ने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति से जीविका दीदियां सशक्त हुई हैं। उन्होंने स्वरोजगार एवं रोजगार के विभिन्न साधनों को अपनाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शक्ति सहकारी समिति के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे संगठित होकर आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों में बढ़ा आत्मविश्वास उनके प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने मेहनत और लगन से स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक प्रगति हासिल की है।