अफजलपुर पुलिस की कार्रवाई, 26 लाख की एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त
मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26.10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पलवई फंटे के पास मादक पदार्थ लेकर जाने वाला है। सूचना पर थाना प्रभारी ने टीम गठित कर पलवई फंटे पर नाकाबंदी करवाई। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुख्तयार अहमद खान पिता मुस्लिम अहमद खान, उम्र 50 वर्ष, निवासी नीम चौक के पीछे, सागर पेशा, जावरा, जिला रतलाम बताया। तलाशी के दौरान उसकी लोवर की जेब से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा हाथ में लिए विमल के झोले से 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।