जल संचय अभियान के तहत जुन्नारदेव विशाला में किया बोरी बंधान, 60 से 70 बोरियों से रोका बहता पानी
=============================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग) द्वारा संचालित जल संचय अभियान के अंतर्गत विकासखंड जुन्नारदेव में श्रमदान और स्वैच्छिकता की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं जनपद पंचायत जुन्नारदेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रश्मि चौहान के मार्गदर्शन तथा विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने की उपस्थिति में क्षेत्र की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगातार बोरी बंधान का कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत जुन्नारदेव विशाला में नवांकुर समिति स्वयं सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति खापास्वामी की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना माहोरे एवं परामर्शदाता श्री सरजूलाल विश्वकर्मा के संयुक्त नेतृत्व में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति जुन्नारदेव विशाला द्वारा बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, बीएसडब्ल्यू/एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं तथा ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर विशाला नाला पर लगभग 60 से 70 बोरियों का मजबूत बोरी बंधान तैयार किया और बहते हुए पानी को रोका।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए विकासखंड समन्वयक श्री बामने ने बताया कि जिला समन्वयक श्री जैन के निर्देशन में पूरे जिले सहित जुन्नारदेव विकासखंड में जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन इस अभियान की मुख्य आधारशिला हैं। बोरी बंधान से विशाला नाला का पानी रुकने के साथ आसपास के क्षेत्रों का भू-जल स्तर भी सुधरेगा। इससे आने वाले गर्मी के दिनों में ग्रामीणों एवं मवेशियों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
श्रमदान से बोरी बंधान का निर्माण पूरा होने के बाद लघु जल संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विकासखंड समन्वयक श्री बामने ने प्रस्फुटन समिति के सदस्यों, नवांकुर संस्था के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को जल की एक-एक बूंद सहेजने तथा पर्यावरण की रक्षा करने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया। साथ ही सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस सफल आयोजन में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री बामने, नवांकुर संस्था अध्यक्ष श्रीमती अर्चना माहोरे, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री रमेश झरबड़े, सचिव श्रीमती प्रमिला सरनकर, श्री दुर्गेश उईके, श्रीमती बबिता जावरे, श्री रूपल सूर्यवंशी, श्री ऐनम शेख, श्री अयान शेख, श्री संजय धाकड़, श्री देवेंद्र अग्रवाल, श्री मनोहर धुर्वे, श्री दुर्गेश नर्रे एवं श्री गुरुचरण धुर्वे सहित बड़ी संख्या में प्रस्फुटन एवं नवांकुर समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh