समावेशी शिक्षा पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 92 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लिया भाग
=========================
लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इड़पाचे के मार्गदर्शन में चौरई, जुन्नारदेव, तामिया एवं अमरवाड़ा विकासखंडों के शासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए समावेशी शिक्षा आधारित ‘संभव मार्गदर्शिका’ पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 2 से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में 121 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शामिल होने के लिए आदेशित किया गया था, जिनमें से 92 उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को समावेशी शिक्षा की अवधारणा, महत्व एवं व्यावहारिक गतिविधियों से परिचित कराना तथा प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी आवश्यकता एवं क्षमता के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सक्षम बनाना था।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री इड़पाचे ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी विद्यार्थी अपनी शारीरिक, मानसिक, सामाजिक अथवा सीखने संबंधी भिन्नताओं के कारण शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे। प्रत्येक विद्यालय में समान अवसर, सम्मान एवं सहभागिता का वातावरण सुनिश्चित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर एडीपीसी श्री राजीव साठे ने समावेशी शिक्षा को शिक्षा व्यवस्था का अनिवार्य एवं महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे की विशिष्ट आवश्यकता को समझना, उसे स्वीकार करना तथा उसकी क्षमता के अनुरूप सीखने के अवसर उपलब्ध कराना शिक्षकों का दायित्व है। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्यों को विद्यालयीन गतिविधियों में व्यावहारिक रूप से लागू करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री इड़पाचे ने संबंधित प्राचार्यों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला व्यावसायिक समन्वयक डॉ. साबिर फारूकी, सहायक परियोजना समन्वयक श्री भानु कुमार गुमास्ता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदनगांव की प्राचार्य श्रीमती शैली यादव तथा मास्टर ट्रेनर श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास एवं श्री अमजद खान उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh