#बालाघाट
पीजी कॉलेज बालाघाट में ‘नशा मुक्त भारत खुशहाल भारत 2.0’ अभियान के तहत शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में शुक्रवार को प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त भारत खुशहाल भारत 2.0’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. गजानन कटरे तथा राष्ट्रीय सेवा योजना बालक इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सुखचंद्र ऐड़े ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर नशा मुक्ति विषय पर पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान "नशे से दूरी है जरूरी" और "युवा शक्ति का यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश" जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#NasheSeDooriHaiZaroori_2.0 #JansamparkMP #highereducation