#बालाघाट
डायरिया रोको अभियान के तहत पीएचई विभाग ने पेयजल स्रोतों की जांच कर ग्रामीणों को किया जागरूक
जिले में जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा 'डायरिया रोको अभियान' के तहत ग्राम ओरम्हा, टेकाड़ी एवं डोगरबोड़ी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यपालन यंत्री बी.एल. उइके के निर्देशन में पीएमयू समन्वयक शीतल मिश्रा, हरीश झा एवं ब्लॉक समन्वयक रानी सिंह राजपूत ने गांवों का भ्रमण कर पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया तथा फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) से पानी की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही ग्रामीणों को स्वयं पानी की जांच करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
बरसात के मौसम में डायरिया एवं अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभागीय टीम ने हैंडपंपों एवं सार्वजनिक पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन कराया। इसके अलावा ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन कर स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया। टीम ने भोजन से पहले, भोजन बनाने से पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने पर विशेष जोर दिया।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से हमेशा स्वच्छ एवं ढका हुआ पानी पीने, पेयजल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा दूषित पानी के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल ही डायरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp #healthminmp