#बलरामपुर पुलिस ने ‘मिशन शक्ति’ के तहत चलाया विशेष जागरूकता अभियान: महिलाओं और बालिकाओं को दिए सुरक्षा व अधिकारों के गुरुमंत्र...
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा मिशन शक्ति अभियान के नोडल प्रभारी व अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में बुधवार को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, गुड टच-बैड टच तथा ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह व दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति बताते हुए इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को संकट के समय सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—वूमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), एम्बुलेंस सेवा (108), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), स्वास्थ्य सेवा (102), महिला हेल्पलाइन (181), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) तथा साइबर हेल्पलाइन (1930) के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र व परिवार परामर्श केंद्र के बारे में बताते हुए सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बलरामपुर पुलिस महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
#balrampur #balrampurpolice