#बलरामपुर पुलिस ने ‘मिशन शक्ति’ के तहत चलाया विशेष अभियान: महिलाओं और बालिकाओं को दिए सुरक्षा व अधिकारों के गुर
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा मिशन शक्ति अभियान के नोडल प्रभारी व अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में बुधवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, 'गुड टच-बैड टच' तथा 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह व दहेज प्रथा को गंभीर अपराध बताते हुए इससे जुड़े कानूनों के प्रति सजग किया।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
अभियान के तहत संकट के समय तुरंत मदद पाने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया:
वूमेन पावर लाइन: 1090
पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
साइबर हेल्पलाइन: 1930
महिला हेल्पलाइन: 181
चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076
एम्बुलेंस सेवा: 108 / 102
इसके अतिरिक्त थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र व परिवार परामर्श केंद्र के बारे में जानकारी देते हुए सरकारी योजनाओं से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। बलरामपुर पुलिस ने दोहराया कि वह महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
#balrampur #balrampurpolice