प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं एवं जनजागरूकता गतिविधियों की दी गई जानकारी
---
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, टीकमगढ़ द्वारा मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं (मेंटर्स) की मासिक समीक्षा बैठक एवं प्रस्फुटन (शक्ति संचय) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक डॉ. सुनील कटियार ने नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा गत माह संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार 12 से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली नवांकुर सखी हरियाली यात्रा के प्रभावी संचालन, ग्राम स्तर पर कलश यात्रा के आयोजन तथा सेक्टर स्तर पर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम एवं सेक्टर में व्यापक पौधरोपण करने का आह्वान किया गया। साथ ही सीएमसीएलडीपी (CMCLDP) पाठ्यक्रम के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रमों में अधिकाधिक छात्र-छात्राओं का प्रवेश सुनिश्चित कराने तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम एवं सेक्टर स्तर पर तिरंगा यात्रा आयोजित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में कृषि विभाग के प्रतिनिधि श्री गुप्ता ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से प्रभारी जिला प्रबंधक श्री कृषि जैन ने मिशन की गतिविधियों एवं योजनाओं से अवगत कराया। जिला मलेरिया अधिकारी ने वर्षा ऋतु में मलेरिया, चिकनगुनिया एवं फाइलेरिया से बचाव के उपायों तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन का संकल्प लिया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh