आपदा मित्र प्रशिक्षण के चौथे दिन बाढ़ बचाव एवं जल रेस्क्यू का व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित
---
मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार टीकमगढ़ के स्थानीय होटल में आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र का चौथा दिवस मंगलवार को संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान पीसी श्री अमित दुबे ने निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार आपदा मित्रों को बाढ़, भूस्खलन एवं अतिवृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण, प्रभाव, जोखिमों तथा उनसे बचाव एवं प्रबंधन के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित राहत एवं बचाव कार्यों की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
दोपहर बाद प्रशिक्षणार्थियों को टीकेजी वाटर पार्क ले जाया गया, जहां जिला सेनानी श्री बी.पी. नामदेव द्वारा स्विमिंग पूल में जल रेस्क्यू का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान ड्राई रेस्क्यू, वेट रेस्क्यू, बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित बचाव की तकनीकों, उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर किए जाने वाले इम्प्रोवाइज्ड रेस्क्यू तथा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास में भाग लेकर आपदा के दौरान प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों की तकनीकों का व्यवहारिक अनुभव प्राप्त किया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Aug 5, 2026