प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा
दिनांक : 14 नवंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा।
*छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी ने छठ घाटों व इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का किया निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*
बिहारशरीफ: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नालंदा की जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने शहर एवं आसपास के प्रमुख छठ घाटों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंतिम चरण की तैयारियों की गहन समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले धनेश्वर घाट पहुंचीं। इसके पश्चात उन्होंने कोसुक नदी घाट और फिर मोरा तालाब घाट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अंत में जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) पहुंचकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और घाटों की सीसीटीवी (CCTV) के माध्यम से हो रही लाइव मॉनिटरिंग का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम से पूरे शहर की स्थिति का आकलन करते हुए भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) के लिए कई महत्वपूर्ण रणनीतियां बनाईं और कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को पूरी सक्रियता एवं तत्परता के साथ काम करने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष रूप से जांच की:
बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा: गहरे पानी वाले क्षेत्रों में की गई बैरिकेडिंग की मजबूती की जांच की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एनडीआरएफ (NDRF) की तैनाती: घाटों पर आपदा प्रबंधन के तहत एनडीआरएफ एवं गोताखोरों की टीमों की मुस्तैदी और नावों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
प्रकाश एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र (माइकिंग): घाटों और पहुंच पथों पर पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग) की व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण एवं सूचना प्रसारण हेतु माइकिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली को परखा गया।
स्वच्छता, चेंजिंग रूम एवं व्हीलचेयर की सुविधा: घाटों की साफ-सफाई, महिला व्रतियों के लिए बनाए गए अस्थायी चेंजिंग रूम के साथ-साथ दिव्यांग एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई।
भीड़ प्रबंधन रणनीति (क्राउड मैनेजमेंट): श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यातायात नियंत्रण और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से भीड़ प्रबंधन के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
कंट्रोल रूम की सक्रियता एवं प्रॉपर मार्किंग: घाटों पर निर्मित कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को पूरी सक्रियता एवं तत्परता के साथ काम करने को कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने घाटों पर बने कंट्रोल रूम के ऊपर स्पष्ट मार्किंग (साइनेज) करने तथा घाटों के आसपास के क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु प्रॉपर मार्किंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ, नगर आयुक्त श्री कृत्यानंद रंजन, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Nov 14, 2026