मोतिहारी, त्वरित निष्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियोजन पदाधिकारी सम्मानित, एसपी और डीएम ने सौंपा प्रशस्ति पत्र
मोतिहारीजिले में लंबित कांडों के निष्पादन को गति देने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियोजन पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। 10 सितंबर 2026 को आयोजित विशेष प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान मोतिहारी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात द्वारा इन अधिकारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान न्यायालय में लंबित त्वरित विचारण एवं सामान्य विचारण से संबंधित मामलों के त्वरित व प्रभावी निष्पादन में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले अभियोजन पदाधिकारियों के कार्यों की विशेष रूप से सराहना की गई। सम्मानित होने वाले पदाधिकारियों में सुश्री शिवानी पाठक, श्री राजीव कुमार द्विवेदी, श्री संजीव कुमार वर्मा, श्री यश कुमार सोनी, श्री ताराकांत चौधरी और श्री अभिषेक आनंद शामिल रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात और जिलाधिकारी ने अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों को समय पर सजा दिलाने में अभियोजन पदाधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के सम्मान से पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे आगे भी इसी निष्ठा व तत्परता के साथ न्यायिक कार्यों को अंजाम देंगे।
Bihar, India | Sep 10, 2026