विद्यालय परिसर में जलभराव से बच्चे, शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रामीण परेशान
बलरामपुर। विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत विशुनापुर के मौजा फुलवरिया स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। इससे बच्चों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रामीण भी परेशान हैं। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जलभराव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है और जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। परिसर में न तो जमीन का समतलीकरण कराया गया और न ही जल निकासी के लिए आवश्यक पत्थरीकरण अथवा अन्य कार्य किए गए। विद्यालय के मैदान में भी बारिश का पानी जमा है, जिससे बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को परेशानी हो रही है।
वहीं, ग्राम प्रधान नाजिर ने बताया कि नाले की सफाई और मरम्मत को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। उनका कहना है कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को अवगत कराया गया है।
Balrampur, Balrampur | Aug 28, 2026