बड़ी खबर: रुद्रप्रयाग में दो साल के भीतर 34 बाल विवाह रुकवाए, बाल विवाह की कुप्रथा ने बढ़ाई चिंता,,
गुप्तकाशी के स्कूल में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्र-छात्राओं को कानूनों और सुरक्षा अधिकारों की दी गई जानकारी,,
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। समाज में आज भी बाल विवाह जैसी कुप्रथा का जारी रहना चिंता का विषय बना हुआ है। जनपद रुद्रप्रयाग में पिछले दो वर्षों के दौरान 34 बाल विवाह रुकवाए जाने का मामला सामने आया है। यह आंकड़ा न केवल सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता को दर्शाता है, बल्कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित भविष्य को लेकर सामूहिक प्रयासों की अहमियत भी बताता है। इसी क्रम में शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ऊखीमठ विकासखंड के गुप्तकाशी स्थित डॉक्टर जैक्सवीन नेशनल स्कूल में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर, मिशन शक्ति, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों, महिला सुरक्षा तथा बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति के संयुक्त प्रयासों से जनपद में 34 बाल विवाह रुकवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज को अपनी सोच बदलनी होगी।
अभिभावकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों को आगे आकर जागरूकता अभियान का हिस्सा बनना होगा, ताकि किसी भी बच्चे का बचपन विवाह की जिम्मेदारियों के बोझ तले न दबे।
बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी सुषुम शाह ने पॉक्सो अधिनियम की जानकारी देते हुए बच्चों को उनके सुरक्षा अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने गुड टच और बैड टच के बारे में समझाते हुए कहा कि किसी भी अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में बच्चों को चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि तत्काल अभिभावकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि संकट, शोषण, उत्पीड़न और असुरक्षित परिस्थितियों में फंसे बच्चों की सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन संचालित है। उन्होंने बच्चों से इस महत्वपूर्ण नंबर की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
मिशन शक्ति की जेंडर स्पेशलिस्ट प्रियंका ने मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए इग्नू के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में केस वर्कर अखिलेश सिंह सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।